शर्मनाकः शौच के लिए गई नाबालिग से दबंगों ने किया रेप

punjabkesari.in Thursday, Nov 23, 2017 - 03:53 PM (IST)

कानपुरः उत्तर प्रदेश के कानपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां नशे में धुत 2 युवकों पर शौच के लिए खेत में जा रही एक नाबालिग लड़की से बलात्कार का आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों ने यहां दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि घाटमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम 16 वर्षीय एक लड़की शौच के लिए खेत में जा रही थी। तभी रास्ते में श्याम बाबू कुरील तथा विजय कुशवाहा नामक युवकों ने उसे पकड़ लिया और खेत में उससे बलात्कार किया। बताया जा रहा है दोनों युवक नशे में थे।

उन्होंने बताया कि शोर सुनकर लड़की की मां मौके पर पहुंची तो युवकों ने उसे मारा-पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद दोनों युवक भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कुरील को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी कुशवाहा की तलाश की जा रही है।

पीड़ित लड़की और उसकी घायल मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लड़की से बलात्कार के आरोप की चिकित्सीय पुष्टि के लिए उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।