बीजेपी MLA के बिगड़े बोल-‘अब गोरी कश्मीरी लड़कियों से कर सकेंगे शादी’

punjabkesari.in Wednesday, Aug 07, 2019 - 02:36 PM (IST)

मुजफ्फरनगरः यूपी के मुजफ्फरनगर में खतौली सीट से बीजेपी विधायक विक्रम सिंह सैनी के बिगड़े बोल सुनने को मिले हैं। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं, क्योंकि अब वे वहां की गोरी-गोरी लड़कियों से शादी कर सकेंगे। विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

बीजेपी विधायक विक्रम सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता बहुत उत्सुक हैं। जो कुंवारे हैं उनकी शादी वहीं करवा देंगे। कोई दिक्कत नहीं है। पहले वहां महिलाओं पर कितना अत्याचार होता था। वहां की लड़की अगर उत्तर प्रदेश के छोरे से शादी कर ले तो उसकी नागरिकता खत्म। भारत की नागरिकता अलग, कश्मीर की अलग। जो मुस्लिम कार्यकर्ता हैं यहां पर उनको खुशी मनानी चाहिए। शादी वहां करो न, कश्मीरी गोरी लड़की से। हिंदू, मुसलमान चाहे कोई भी हो, यह पूरे देश के लिए उत्सव का विषय है।

उल्लेखनीय है कि, केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाते हुए जम्मू कश्मीर से एक राज्य का दर्जा भी वापस ले लिया है। अब वह एक केंद्र शासित प्रदेश है। इसे मुख्य तौर पर दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा जम्मू कश्मीर और दूसरा लद्दाख। सरकार की तरफ से जारी पत्र के मुताबिक, जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश होगा लेकिन वहां पर विधानसभा होगी। वहीं लद्दाख भी केंद्र शासित होगा लेकिन वहां विधानसभा नहीं होगी।

 

Deepika Rajput