दो बार तलाक, फिर निकाह और उसके बाद किया ये खौफनाक कांड

punjabkesari.in Sunday, Jul 02, 2017 - 06:06 PM (IST)

बहराइच: उत्तर प्रदेश में बहराइच के नानपारा क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी को 2 बार तलाक देने के बाद निकाह करने और फिर जान से मार देने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि तकिया सरैंया गांव के माते ने अपनी 22 वर्षीय बेटी साकिया का निकाह तीन वर्ष पूर्व गांव निवासी राजन के साथ किया था। विवाह के बाद से ही साकिया को ससुराल में कम दहेज लाने की बात पर प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज में 50 हजार रुपए नकदी, महाराजा बेड और कलर टीवी की मांग की जा रही थी। इसी प्रताड़ना के चलते तीन माह पूर्व राजन पुत्र नियामत ने साकिया को 2 बार तलाक दे दिया और मारपीट कर घर से भगा दिया।

मायके पक्ष के लोगों ने राजन व उसके पिता नियामत से काफी मिन्नतें की। साकिया के जिंदगी का वास्ता दिया। मौलवी और उलेमाओं का भी दबाव बनवाया। जिसके चलते राजन फिर से निकाह के लिए तैयार हुआ। इस मामले में 2 जून को गांव में मौलवी और उलेमाओं की पंचायत हुई। पंचायत में राजन को साकिया के साथ निकाह करने की सलाह उलेमाओं ने दी। इस पर उसी दिन 30 रुपए के शपथ पत्र पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ जिंदगी निभाने का इकरार नामा लिखा। पंचायत के बाद उसी दिन दूसरी बार निकाह करवा दिया गया। साकिया विदा होकर ससुराल पहुंची। लेकिन, फिर कम दहेज के लिए उसका उत्पीड़न शुरू हो गया।

साकिया ने मायके के लोगों को जानकारी दी। इस पर पिता ने सामंजस्य बनाने की बात कही। शनिवार रात ससुराल के लोगों ने साकिया की लाठियों से पिटाई कर उसे जिंदा जला दिया। पुलिस ने विवाहिता के अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के माता-पिता की तहरीर पर पति राजन, ससुर नियामत व सास साकरुन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।