गौ रक्षा के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं: CM योगी

punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2017 - 12:01 PM (IST)

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर एक टी.वी. चैनल से कहा कि प्रशासन ने 100 दिन में अच्छा काम किया है। राज्य में विश्वास का माहौल बना है। प्रदेश में बढ़ते अपराध के आंकड़ों पर योगी ने कहा कि इसका प्रमुख कारण यह है कि उन्होंने 100 प्रतिशत एफ .आई.आर. दर्ज कराई हैं। अब अपराधियों के खिलाफ  चार्जशीट दाखिल होती हैं।

गौ रक्षा के नाम पर हो रही हिंसा पर सी.एम. योगी ने कहा कि यू.पी. में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। गौ रक्षा के नाम पर शरारती तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में कोई भी कानून नहीं तोड़ सकता है। गौ सेवा हमारी सनातन परंपरा है। गौ रक्षा के नाम पर कानून को अपने हाथ में लेने का किसी को कोई हक नहीं है। पूर्व सी.एम. अखिलेश यादव पर बरसते हुए योगी ने कहा कि अखिलेश ने काम किया होता तो अभी मैट्रो चल रही होती, हमें गड्ढे नहीं भरने पड़ते, अखिलेश के गड्ढे हम भर रहे हैं। सपा-बसपा के गड्ढे को भरने में समय लगेगा। राज्य में काम की परंपरा खत्म हो गई थी, बाबू लंच के बाद काम नहीं करते थे।

वहीं एंटी रोमियो दल पर सी.एम. ने कहा कि इसका बहू-बेटियों ने स्वागत किया है। एंटी रोमिया दस्ता मनचलों के खिलाफ  है। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। सहारनपुर हिंसा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में जातीय हिंसा पैदा करने की कोशिश की गई है, इसके पीछे खनन माफिया का हाथ है, वे पकड़े जाएंगे।