बंदूक की नोक पर डॉक्टर दंपत्ति को बनाया बंधक, किया लाखों की नगदी पर हाथ साफ

punjabkesari.in Sunday, Oct 08, 2017 - 12:12 PM (IST)

शाहजहांपुर(नंद लाल): शाहजहांपुर में एक प्राइवेट डॉक्टर के घर में लाखों की डकैती का मामला सामने आया है। जहां डकैतों ने डॉक्टर के घर अल्ट्रासाउंड कराने के बहाने दंपत्ति को हथियारों की नोक पर बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। 

जानकारी के अनुसार घटना तिलहर थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड की है, जहां प्राइवेट नर्सिंग होम चलाने वाले डॉ. विजेंद्र अपने परिवार के साथ नर्सिंग होम में ही रहते है। सुबह लगभग 8 बजे लगभग 3 लोग आए, जो खुद का अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए नर्सिग होम में घुसे और थोड़ी देर में अपने 3 और साथियों को नर्सिंग होम में बुला लिया। उसके बाद डकैतों ने पूरे परिवार को तमंचों की नोक पर बंधक बना लिया और घर में जमकर लूट-पाट की।

डकैत नकदी और जेवर समेत लगभग 3 लाख का माल लूट ले गए। घटना के करीब 8 घंटे गुजर जाने के बाद डॉक्टर दंपत्ति ने जानकारी पुलिस को दी। लोगों की मानें तो पुलिस की लापरवाही के चलते ही इस इलाके में डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। वहीं डॉक्टर की बेटी के खराब रवैये के चलते वह पुलिस के शक के दायरे में आ गई है। फिल्हाल पुलिस जल्द ही डकैती का खुलासा करने और मामले मे कड़ी कार्रवाई की बात रह रही है।