प्रसिद्ध जामा मस्जिद का गिरा गुंबद, मासूम की मौत के साथ दर्जनों घायल

punjabkesari.in Saturday, Oct 21, 2017 - 10:43 AM (IST)

बुलंदशहरः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में प्रसिद्ध जामा मस्जिद का गुंबद गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। बता दें कि गुंबद गिरने से 3 बच्चे और एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके चलते सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बच्चों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। जहां हायर सेंटर जाते समय एक 10 साल के बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक मामला जिले के ऊपर कोर्ट इलाके की प्रसिद्ध जामा मस्जिद की मीनार और गुंबद का है। जहां दिवाली के दिन जामा मस्जिद की मीनार और गुंबद अचानक से गिर गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नालियों का पानी मस्जिद की दीवार में भरा रहता था। जिसके चलते दीवार कमजोर होकर गिर गई। दीवार गिरने से 3 बच्चे और एक दर्जन लोग उसमें दब कर गंभीर रुप से घायल हो गए। वहीं हादसे के कई घंटे बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

मस्जिद के मुख्य मौलवी जैनुल अबिदीन ने बताया कि गुंबद गिर जाने की वजह से मस्जिद के पास एक गली में खेल रहा बच्चा उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। जिसके चलते बचाव अभियान में कुछ समय लग गया। बच्चों को निकालकर जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के लिए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया है। वहीं इस दौरान दिल्ली ले जाते समय एक बच्चे ने दम तोड़ दिया।