एक्सप्रेसवे पर मौत की रफ्तार: ओवरटेकिंग के चक्कर में हवा में लहराई डबल डेकर बस, फिर जो हुआ...

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 07:27 AM (IST)

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार नंबर की एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के वक्त बस में सवार यात्रियों में कोहराम मच गया और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

ओवरटेकिंग के चक्कर में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लखनऊ से आगरा की ओर जा रही यह बस काफी तेज रफ्तार में थी। औरास थाना क्षेत्र के पास एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस असंतुलित होकर पलट गई।

राहगीरों और पुलिस ने दिखाया जज्बा
हादसा इतना भीषण था कि बस के भीतर यात्री फंस गए थे। मौके से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने तुरंत अपनी गाड़ियां रोकीं और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर घायल यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया।

हादसे का अपडेट
हादसे में करीब 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के सीएचसी औरास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्रियों को प्रशासन ने दूसरी बस का इंतजाम कर उनके गंतव्य (Destination) की ओर रवाना कर दिया है। पलटी हुई बस को क्रेन की मदद से हटाकर एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक दोबारा शुरू करवा दिया गया है। वहीं प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं बस चालक को नींद की झपकी तो नहीं आई थी या बस में तकनीकी खराबी थी। इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर रफ्तार की सीमा और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static