नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे पर पलटी डबल डेकर, 25 से अधिक यात्री घायल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 26, 2019 - 11:45 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार डबल डेकर बस का टायर फटने से यमुना एक्सप्रेस वे पर पलट गई। बस में लगभग 130 यात्री सवार थे, जिनमें से 36 यात्रियों को चोट आई है और 16 यात्रियों की हालत गंभीर होने के चलते उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि 20 यात्रियों को फ़र्स्ट एड उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

बता दें कि बस दिल्ली से चलकर ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस वे से होते हुए बिहार जाने के लिए निकली थी। बस यात्रियों की क्षमता लगभग 80 होने के बावजूद 130 यात्रियों का भरा हुआ व तेज़ रफ़्तार से चलने की वजह से टायर फट गया और बस पलट गई। बस में सवार दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंची पुलिस व यमुना एक्सप्रेस वे की टीम ने रेस्क्यू कर यात्रियों को बस से बाहर निकाला। ग्रेटर नोएडा की बीटा टू कोतवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल के लिए भेजा व दुर्घटनाग्रस्त बस को यमुना एक्सप्रेस वे से हटाया। वहीं डॉक्टरों की माने तो 3 यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने के चलते आईसीयू में भर्ती किया गया है।

घायल अशोक कुमार का कहना है कि बस सिंधु बॉर्डर से वह बिहार की ओर जा रहा था। बस में अधिक यात्रियों और ओवर स्पीड होने से बस का टायर अचानक फट गया। जिससे बस डामलडोल करने लगी और नियंत्रण खोने के कारण बस पलट गई।

सीओ तनू श्रीवास्तव का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। लगभग 25 लोगों के घायल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस एक्सप्रेस वे पर से क्रेन के द्वारा बस को हटाकर एक्सप्रेस-वे को सुचारु रुप से चालू किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बस मालिक पर दर्ज किया जाएगा मुकदमा
प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि टायर फटने से बस अनियत्रित होकर पलटी थी। बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। दो की सीट पर तीन-तीन यात्रियों को बैठाया गया था। बस मालिक पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Ajay kumar