डबल मर्डर: मां और बेटे का बंद कमरे में मिला शव, पति ने पेड़ से लटक कर दी जान

punjabkesari.in Tuesday, Aug 30, 2022 - 03:30 PM (IST)

लखीमपुरः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पर एक ही घर में मां और बेटे के शव खून से लथपथ मिला है। वहीं मृतक महिला के पति का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला। लोगों को आशंका है कि पति ने बच्चे और पत्नी ही हत्या के बाद सुसाइड कर ली है। पुलिस ने शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

बता दें कि मामला जिले के थाना पलिया क्षेत्र के गांव मलंगा का है। जहां पर सोमवार को करीब 11:00 बजे गांव के बाहर खेतों की ओर एक पेड़ से तौलेराम (55) का शव फांसी पर लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरु की ही थी कि रात में उसी गांव से ही एक और सूचना मिली, कि तौले राम के घर में उसकी पत्नी सरस्वती और 10 वर्षीय पुत्र सौरभ के शव पड़े हुए हैं। यह जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत वहां पहुंची और शवों का पंजीकृत कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरस्वती के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं।

पुलिस ने इस की जांच करने के लिए गांव वालों से बातचीत की तो गांव वालों ने बताया कि तौले राम ने दो शादियां की थीं। मृतक उसकी दूसरी पत्नी थी, जो गांव में ही अलग घर में रहती थी। उसकी पहली पत्नी द्रौपदी है। द्रोपदी भी गांव में ही रहती है। सोमवार सुबह तौले राम का शव मिलने के बाद द्रौपदी ही मौके पर गई थी। जिसकी मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। तब यह बात पुलिस के सामने नहीं आई थी कि तौले राम की दूसरी पत्नी और एक बच्चा भी है। द्रोपदी का कहना है सोमवार सुबह तौले राम का सरस्वती से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद ही उसने फांसी लगा ली है।

वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि तौलेराम ने ही सरस्वती और सौरभ की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगा ली। रात में ही एसपी संजीव सुमन ने थाना पलिया पुलिस को घटना का जल्द राजफाश करने के निर्देश दिए है। एसपी ने बताया की प्रथम दृष्टया यही लग रहा है पति ने ही पत्नी और बच्चे की हत्या करने के बाद फांसी लगाई है। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही घटना के पीछे का सच पता कर लिया जाएगा। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj