भाजपाईयों ने ही फूंक डाला स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला, लगाए मुर्दाबाद के नारे

punjabkesari.in Wednesday, Aug 24, 2016 - 01:47 PM (IST)

मुजफ्फरनगर: बसपा से बगावत के बाद बीजेपी में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्या इस समय बीजेपी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी सिलसिले में मौर्य को मुजफ्फरनगर के खतौली में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना था। लेकिन मौर्या निर्धारित समय के बाद भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। मौर्या के स्वागत की तैयारी में जुटे सैंकड़ों भाजपाईयों ने मौर्य का ही पुतला फूंक डाला और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, बाद में स्वामी प्रसाद मौर्य खतौली पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ताओं से सही से नहीं मिल सके। इससे नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं की ये हरकत मीडिया के कैमरे में कैद हो गई। 

 
दरअसल, बसपा को छोडऩे के बाद भाजपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा के पक्ष ने प्रचार में जुट गए है। इसके लिए वे तूफानी दौरे पर हैं। मंगलवार को स्वामी प्रसाद मौर्य को सहारनपुर से चलकर शामली के थानाभवन और मुजफ़्फरनगर में सैनी समाज के एक कार्यक्रम के बाद खतौली पहुंचना था, लेकिन उन्हें खतौली पहुंचने में देरी हो गई, जिस वजह से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला फूंक डाला। 
 
भाजपा का नुकसान ही करेंगे मौर्य
भाजपा कार्यकर्ता राजू ने बताया की उन्होंने पुतला इसलिए फूंका है, क्योंकि उन्होंने पूरा अरेजमेंट किया था। सैनी समाज के लोग और बीजेपी के कार्यकर्ता भी थे। सबने स्वागत के कार्यक्रम की तैयारी की थी। उन्होंने सभी इंतजाम किए हुए थे। इसके बावजूद मौर्य फिर भी यहां नहीं आए। वो खतौली में आए और वापस चले गए। सैनी समाज इससे नाराज है। जब वह बसपा में थे, तब भी उन्होंने सैनी समाज का काम नहीं किया। अब भाजपा का नुकसान करेंगे।
 
पुतला फूंका
वहीं, भाजपा कार्यकर्ता शिवम आहूजा ने बताया की उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला फूंका है। वे सुबह से तैयारी में लगे हुए थे। करीब चार सौ युवा उनके स्वागत को तैयार थे लेकिन मौर्य ने उनसे ठीक से बात भी नहीं की। न ही वह अंदर से आए और बाईपास से निकल गए, जिससे सारा प्रोग्राम खराब हो गया।