दहेज मांगना पड़ा महंगा, दूल्हा सहित बरातियाें काे लड़की पक्ष वालाें ने बनाया बंधक

punjabkesari.in Thursday, Dec 21, 2017 - 02:34 PM (IST)

बिजनौरः आए दिन दहेज के लोभियों के काले कारनामें सामने आते रहते है, लेकिन प्रदेश सरकार इन दहेज लोभियों के इरादों पर पलीता लगाने में विफल साबित हो रही है। ताजा मामला बिजनौर जिले का है, जहां दहेज़ की मांग कर रहे दूल्हे सहित कई बारातियों को लड़की पक्ष वालों ने बंधक बना लिया।

दरअसल, कोतवाली शहर के निजी हाल में गाजियाबाद से बारात आई। वहीं लड़के वाले दुल्हन के परिवार से 25 लाख की मांग करने लगे। जिसके चलते दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान लड़की वालों ने लड़के वालों को बंधक बना लिया। नतीजा ये हुआ कि लड़के वालों को बिना दुल्हन के घर लौटना पड़ा।

दुल्हन पक्ष के मुताबिक दूल्हे वाले दहेज़ के तौर पर 25 लाख की मांग कर रहे थे, साथ ही शादी में दुल्हन को चढ़ाने के लिए घर से जेवरात भी नहीं लाए थे। दूल्हन के परिजनों का कहना है कि पुलिस में दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ तहरीर दे दी गई है और लड़के वालों को दिए गए सामान के साथ उनसे 6 लाख की मांग की गई है।