दहेज ना मिलने पर लुटेरा बना दुल्हा, दुल्हन के साथ मारपीट और लूट के बाद फरार

punjabkesari.in Thursday, Nov 16, 2017 - 02:30 PM (IST)

मेरठः एक बार फिर से दहेज के मामले ने इंसानियत को शर्मसार किया है। जहां सात फेरे लेने के चंद घंटों बाद दुल्हे पक्ष ने नवविवाहिता के पिता द्वारा मांग पूरी ना होने पर मारपीट की। इतना ही नहीं मारपीट के बाद ससुरालिएं दुल्हन के सारे गहने और सामान लेकर भी फरार हो गए। वहीं मारपीट के बाद दुल्हन के सिर और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं।

दरअसल थाना सिविल लाइन निवासी प्रतिष्ठित कारोबारी की बेटी का रिश्ता बनारस के रहने वाले प्रतीत दर्शन के साथ तय हुआ था। प्रतीत राजस्थान के कोटा में अडानी पॉवर प्लांट पर इंजीनियर है। कारोबारी के मुताबिक 28 मई को रोकना की रस्म करने के बाद 11 नवंबर को आपसी सहमति के बाद शादी की तिथि तय हो हुई थी। जिसमें उन्होंने 15 लाख रुपए शादी में खर्च करने की बात तय की थी।

आरोप है कि रोकना की रस्म के बाद से ही दहेज की मांग दुल्हे की मां रचना, बहन ऋचा, ऋचा के पति दिन ब दिन पैसों को बढ़ाने की मांग करते रहे। जिसके फलस्वरुप 15 की जगह 20 लाख रुपए शादी का खर्च करने की बात तय हुई। शादी समारोह के लिए प्लेनेट एस रिसोर्ट बुक किया गया।

11 नवंबर को शादी समारोह संपन्न कराने के बाद सुबह फेरे हुए थे। जिसके बाद कारोबारी अपने परिवार के साथ घर आ गए, लेकिन विदाई कराकर बेटी को ससुराल पक्ष के लोग होटल क्रोम ले गए। कारोबारी के मुताबिक होटल क्रोम से सुबह 10 बजे ससुरालियों ने फोन कर 50 लाख रुपए दहेज की डिमांड रखी। दहेज ना देने पर बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई।

वहीं दहेज ना मिलने पर बेटी के साथ मारपीट करके होटल के कमरे में ही छोड़कर ससुरालिएं भाग निकले। वहीं सूचना के बाद परिजन पीड़ित को होप हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां पर बेटी का उपचार कराया जा रहा है। कारोबारी ने बताया कि जब वो क्रोम होटल पहुंचे तो तब तक ससुराल पक्ष के लोग सारा सामान समेटकर भाग गए थे। उधर पीड़ित के पिता ने सिविल लाइन थाने में दुल्हे समेत तमाम ससुलालियों पर मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।