बांदा का दहेज हंगामा: पिता ने दर्ज कराया बेटी की हत्या का केस, पुलिस ने महाराष्ट्र से जीवित बेटी बरामद कर सबको चौंका दिया!
punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 08:04 AM (IST)
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां मर्का थाना क्षेत्र के एक पिता ने अपनी बेटी के लापता होने पर उसके पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोर्ट में वाद दायर किया था। पिता का कहना था कि उनकी बेटी दो साल पहले दहेज के लिए मार दी गई और उसका शव कहीं फेंक दिया गया।
अदालत के आदेश पर FIR दर्ज और जांच शुरू
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने 2 सितंबर 2025 को दहेज हत्या की FIR दर्ज की और जांच शुरू की। एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर डीएसपी सौरभ सिंह ने मामले की विवेचना अपने हाथ में ली। जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जिस लड़की को मृत बताकर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया गया था, वह वास्तव में जीवित थी। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र से बरामद किया।
शादी के 8 महीने बाद छोड़ दिया था घर
जांच में पता चला कि युवती की शादी 23 फरवरी 2023 को हुई थी। लेकिन वह अक्टूबर 2023 से ही किसी जानने वाले व्यक्ति के साथ रह रही थी। परिवार को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। पिता ने बिना गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए सीधे दहेज हत्या का मामला दर्ज करा दिया।
पुलिस पूछताछ में जुटी, कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस फिलहाल युवती से पूछताछ कर रही है कि उसने घर क्यों छोड़ा और इस दौरान कहां–कहां रही। डीएसपी सौरभ सिंह ने बताया कि तमाम साक्ष्यों और जांच के बाद कथित मृतका को बरामद कर लिया गया है। युवती से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

