दहेज की बलि चढ़ी गर्भवती महिला, दहेज लोभियों ने की पीट-पीटकर हत्या

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2020 - 03:03 PM (IST)

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में  एक और 4 माह की गर्भवती नवविवाहिता को दहेज लोभियों ने दहेज की बलि चढ़ा दी। नव विवाहिता का शव पेड़ के नीचे पड़ा मिला है। ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर पीट पीटकर हत्या किये जाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि घटना मैनपुरी सदर कोतवाली इलाके की है। यहां के गांव नगला बनवारी में नव विवाहिता प्राची उर्फ बबली का शव पेड़ के नीचे पड़ा मिला है। ससुरालीजनों पर पीट पीटकर हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि 17 अप्रैल 19 को हुई शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में कार और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। जिसके चलते बबली  उर्फ प्राची को प्रताड़ित किया जा रहा था। जिसकी शिकायत अपने पिता से कई बार की थी। लेकिन दहेज की मांग पूरी ना होने पर दहेज लोभी ससुराली जनों ने 4 महा की गर्भवती नव विवाहिता  की  पीट-पीटकर हत्या  कर दी  और खुले आंगन में  पेड़ के नीचे शव को छोड़ कर  ससुराली जन भाग जाने में सफल हो गए।

घटना की सूचना मृतका के पिता को हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो उनकी पुत्री मृत अवस्था में पड़ी है। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर पति अनिल जेठ अमित व सास पुष्पा के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृत्यु का सही कारण जानने को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस अपनी आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।

मृतका के पिता राजवीर सिंह ने बताया कि मेरी लड़की को ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरा न होने पर मारा डाला। उनकी मांग थी की हमें चार पहिए की गाड़ी, चेन और 10 लाख रूपए चाहिए। शादी 17 अप्रैल 2019 को हुई थी। ऐ लोग कई बार हमारी बेटी को परेशान कर चुके हैं एक बार मैं पंचायत लेकर गया भी था। उस समय उन लोगों ने कहा था कि अब आगे से ऐसा नहीं होगा लेकिन शुक्रवार को उन लोगों ने मेरी बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आज सुबह हमारी बेटी से बात हुई थी तो वह मुझे बता रही थी कि पापा मैं यहां नहीं रहूंगी ऐ लोग परेशान कर रहे हैं। वहीं उसके पति ने ऐ कहा कि यहां आकर क्या करोगे जो हमें करना है मैं करूंगा? जब वह यहां पहुंचे तो उसकी बेटी आंगन में मृत अवस्था में पड़ी मिली और उसके शरीर में हर एक जगह चोट के निशान थे। उस समय उसके घर पर कोई नहीं था।

मृतका की बहन सीमा ने बताया कि मेरी बहन 4 महीने की गर्भवती थी। ससुराली जन उसे खाने को कुछ नहीं देते थे। मेरी बहन के पति, जेठ, सास और ननद की मांग थी कि उन्हें दहेज में एक चेन, 10 लाख रूपए और एक स्कार्पियों गाड़ी चाहिए। दहेज न मिलने से शुक्रवार को उन लोगों ने मेरी बहन की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

सदर सीओ अभय नारायण राय के अनुसार शुक्रवार को हमें दोपहर करीब 3 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि नंगला बनवारी में एक मृतका का शव मिला है। जिसके बाद मौके पर मैं पहुंचा तो मायका पक्ष के लोग वहां शोक विलाप कर रहे थे। मृतका का शव आंगन में एक नीम के पेड़ के पास पड़ा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि गर्दन पर एक लिट्रेचर का निशान जरूर मिला लेकिन पोस्टमार्टम के बिना यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह आत्महत्या है या हत्या। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि मायका पक्ष के लोगों की तहरीर के आधार पर 3 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया गया। वहीं एफआईआर में पति, जेठ और उसके सास के खिलाफ दर्ज किया गया है। वहीं वजह उन्होंने बताया कि परिजनों का कहना है कि दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

 

Ajay kumar