2 पक्षों के विवाद में गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका, दर्जनों घायल

punjabkesari.in Monday, Dec 18, 2017 - 02:41 PM (IST)

गोंडा(उत्तर प्रदेश): जिले का तरबगंज इलाका उस समय गोलियों की तड़तड़ाहट के साथ गूंज उठा, जब 2 पक्ष विवाद के चलते आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों में लात-घूंसों के साथ-साथ लाठियां चलनी शुरू हो गई, जिसके बाद माहौल इतना गरमा गया कि बम और गोलियों तक की नौबत आ गई। वहीं मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।

दरअसल, यह पूरी घटना पथार गांव में रविवार को देर रात घटी। जहां भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। दो पक्षों की ओर से गोली और हथगोले चलें। ग्रामीणों की माने तो एक पक्ष से बाहरी बदमाशों को भी बुलाया था। जिन्होंने दूसरे पक्ष के लोगों को ललकारा। जिसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।

जानकारी के अनुसार जगदीश सिंह चार भाई हैं। इनके एक भाई करमांश ने गांव के ही विनोद सिंह को अपना खेत कुछ रुपए लेकर बोने के लिए दे रखा था। जिस पर जगदीश सिंह को आपत्ति थी। जिसके बाद देर शाम दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। जिसमें जगदीश सिंह और राहुल समेत कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं।

फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के डॉकटरों ने जगदीश सिंह की हालत काफी नाजुक बताई है। वही दूसरे पक्ष के विनोद सिंह और सूर्य नरायन भी घायल है। एसओ मनीष ने बताया कि मौके पर स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया है। घायलों को भर्ती कराया गया है। गांव में भारी पुलिस बल अभी भी तैनात है।