भारी अोलावृष्टि से फसलें हुई बर्बाद, सदमे से 2 किसानों की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2018 - 02:36 PM (IST)

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में ओलावृष्टि से फसलों की हुई बर्बादी से आहत 2 किसानों की सदमेे से मृत्यु हो गई। अपर पुलिस आधीक्षक वंशराज यादव ने बताया कि श्रीनगर कस्बे के भैरोगंज निवासी किसान हजारीलाल कुशवाहा (52) मंगलवार शाम अपने खेत पर गया था। ओलावृष्टि से चौपट हुई फसल को देखकर उसे गहरा सदमा लगा और उसकी तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेे गए, जहां चिकित्सक उसे बचा नहीं सके और हृदयाघात के कारण उसकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी सुखदेवी के अनुसार किसान हजारी कुशवाहा 7 बीघा कृषि भूमि का काश्तकार था। सूखा पड़ जाने और सिंचाई की व्यवस्था न होने के चलते उसने रबी की फसल में केवल 3 बीघा जमीन में ही बुआई की थी। ओलावृष्टि से इसके नष्ट हो जाने से वह विचलित हो गया। उसपर पर बैंक का 1 लाख 10 हजार रुपए कर्ज था। इसके अलावा चरखारी क्षेत्र के नरेड़ी निवासी 60 वर्षीय किसान अशर्फी लाल को खेत में ही हार्टअटैक हो गया। परिवार के लोग जब तक अस्पताल पहुंचाते रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में छानबीन कर रही है।