बरेली में नाबालिग बहनों का धर्म परिवर्तन कर किया निकाह

punjabkesari.in Tuesday, Apr 18, 2017 - 11:51 AM (IST)

बरेलीः बरेली में नाबालिग किशोरियों का अपहरण कर जबरन धर्मांतरण के बाद निकाह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश से लाई गई 2 किशोरियों को बरामद किया है। जिनको प्रेम के जाल में फंसाकर बरेली लाया गया और उनका धर्म परिवर्तित कर उनसे निकाह किया गया। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों को ढूंढ निकाला। एक आरोपी भी पकड़ा गया गया था। इस प्रकरण में मध्यप्रदेश में अपहरण का मुकदमा दर्ज है।

बसंत पंचमी का मेला देखने गई थी दोनों बहनें
दरअसल मध्यप्रदेश पन्ना के थाना गुनौर निवासी लड़कियों के परिजनों ने बताया कि 16 व 17 साल की बहनें जनवरी में बसंत पंचमी के दिन मेला देखने निकली थीं। उसके बाद से लापता हो गई थीं। काफी खोजबीन के बाद जब उनका सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने अपहरण की तहरीर दी थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित परिवार 6 महीने पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजदूरी करता था।

कॉल डिटेल से मिले सुराग
पीड़ित परिवार के फोन नंबरों की डिटेल निकलवाई तो पता चला कि कैंट के ठिरिया निजावत खां निवासी तस्लीम के फोन पर अक्सर बात होती थी। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। मार्च में वहां की पुलिस ठिरिया गांव पहुंची मगर तस्लीम के घर ताला लगा मिला। तब से मध्यप्रदेश की पुलिस यहां कैंट थाने की पुलिस के संपर्क में थी।

मध्यप्रदेश पुलिस ने दी ठिरिया गांव में दबिश
मध्यप्रदेश पुलिस ने ठिरिया में आरोपी के घर दबिश दी। तस्लीम घर पर ही मिला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एक किशोरी भी मिल गई। दूसरी किशोरी क तलाश में गांव में पूछताछ शुरू की गई। पता चला कि वह मुस्तकीम के साथ गांव में ही किराये पर रहती है। पुलिस वहां भी पहुंच गई। मकान मालिक से पूछताछ की तो उसने कह दिया कि यहां कोई नहीं है। इसी बीच एक लड़के ने इशारे से बता दिया कि लड़की यहीं है। पुलिस तलाशी लेने को अंदर पहुंची तो दूसरी किशोरी भी मिल गई मगर मुस्तकीम फरार हो गया।