UP: राष्ट्रपति और CM योगी के दौरे के चलते नोएडा में दो नवंबर तक ड्रोन पर प्रतिबंध, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

punjabkesari.in Sunday, Oct 30, 2022 - 08:44 PM (IST)

नोएडा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित नोएडा दौरे के आलोक में स्थानीय पुलिस ने रविवार को दो नवंबर तक किसी भी व्यक्ति या संगठन द्वारा ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक सरकारी बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।

पुलिस ने दी ये चेतावनी
बयान में कहा गया है, ‘‘भारत जल सप्ताह का कार्यक्रम एक नवंबर को गौतमबुद्ध नगर में प्रस्तावित है, जिसमें राष्ट्रपति के भाग लेने का प्रस्ताव है और 30 अथवा 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का भी कार्यक्रम है।'' इसमें कहा गया है, ‘‘इसलिये, राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति अथवा संगठन की ओर से ड्रोन का संचालन 29 अक्टूबर से दो नवंबर तक प्रतिबंधित रहेगा।'' पुलिस ने चेताया है कि आदेश का उल्लंघन भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दंडनीय है। इससे पहले नोएडा पुलिस ने विश्व डेयरी सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान सितंबर में ड्रोन की उड़ान को प्रतिबंधित किया था।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 1500 पुलिसकर्मियों रहेंगे तैनात
राष्ट्रपति के कार्यक्रम से एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 31 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं एक नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में वाटर वीक का उद्घाटन करेंगी। इंडिया वाटर वीक में दो हजार से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 1500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

Content Writer

Mamta Yadav