कांग्रेस राज में गरीबों के हक का पैसा कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया, बोले ब्रजेश पाठक

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2024 - 12:55 AM (IST)

Unnao News: उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस सरकार में गरीबों के हक का पैसा कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ सरकार की योजनाओं को गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं को समर्पित किया।
PunjabKesari
UP में आज विश्वस्तरीय सड़को का निर्माण हो रहा
उन्नाव से भाजपा प्रत्याशी साक्षी महाराज की नामांकन सभा को सम्बोधित करते हुये श्री पाठक ने कहा कि हम पार्टी देख कर चुनें, एक ओर भ्रष्टाचारियों व अपराधियों के संरक्षण वाली सपा है तो दूसरी तरफ विकसित भारत का संकल्प लेने वाली पार्टी भाजपा है। आप सब से अपील है कि भाजपा को चुने और साक्षी महाराज को एकतरफा जिता कर रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने कहा कि हर गरीब का अपने घर के सपने को पीएम मोदी ने पूरा किया वहीं राहुल गांधी जी की दादी कहती थी गरीबी हटाओं। कांग्रेस दशको तक गरीबी हटाने का नारा लगाती रही लेकिन गरीब की गरीबी मिटाने के लिए कोई काम नहीं किया। कांग्रेस सरकार में गरीबों के हक का पैसा कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ सरकार की योजनाओं को गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं को समर्पित किया। गरीब तक घर, शौचालय, नल से जल, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्माननिधि, 80 करोड़ जनता को राशन पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया है। उत्तर प्रदेश में आज विश्वस्तरीय सड़को का निर्माण हो रहा है।

जितना बड़ा सपा का झण्डा उतना बड़ा सपा का गुण्डा
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गुण्डई, अराजकता खुलेआम सड़कों पर दिखाई देती थी। गुण्डे, माफिया बंदूके लेकर खुलेआम घुमते थे। सरकारी ठेकों की लूट होती थी। प्लाट, दुकान, मकान, खेत-खलिहान पर कब्जे होते थे। मां, बहन, बेटियां असुरक्षित थी। जनता की सम्पत्तियों पर सपा का झण्डा लगाकर कब्जा करने वाले सपाई गुण्डे कहते थे, जितना बड़ा सपा का झण्डा उतना बड़ा सपा का गुण्डा। आज भाजपा की सरकार में गुण्डे, माफिया, अपराधियों ने या तो यूपी छोड़ दिया है या जेल के अन्दर है। मां, बहन, बेटियों पर आंख उठाने वाले 25 हजार से ज्यादा लफगों को सीखचों के पीछे भेजने का काम योगी सरकार ने किया है। गुण्डे माफिया तख्ती डाल कर सरेंडर कर रहे है। ब्रजेश  पाठक ने सैम पित्रोदा के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लोगों की आधी सम्पत्ति कांग्रेस हड़पना चाहती है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2024 में जनता ने पूरा मन बना लिया है कि फिर एक बार मोदी को अभूतपूर्व विजय दिला देश में पुनः राष्ट्रवादी सरकार बनानी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static