मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने पकड़ा 25 हजार का ईनामी बदमाश, लूटी कार और तमंचा बरामद

punjabkesari.in Sunday, Nov 24, 2019 - 11:15 AM (IST)

अमरोहाः उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25 हज़ार का ईनामी बदमाश और एक सिपाही घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को बदमाशों के पास से लूटी हुई कार और तमंचा बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है।

दरअसल मामला है जनपद अमरोहा के नोगावां सादात का जहां पर पुलिस के द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस के द्वारा बदमाशों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन बदमाशों ने गाड़ी को रोकने के बजाय दौड़ाना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा किया तो पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हुआ तो दूसरा फरार हो गया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हो गया है। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश को ढूंढने में लगी है।

बताते चलें कि मुरादाबाद जनपद में मुख्यमंत्री का दौरा होना है। मुख्यमंत्री के दौरे से मात्र 8 घंटे पहले ही जनपद अमरोहा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें 25000 का इनामी बदमाश घायल हो गया। वहीं एक बदमाश फरार होने में कामयाब हो गया।

एसपी विपिन टांडा ने बताया कि पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों पर अलग-अलग जनपदों में आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें ये वांछित चल रहे है।

 

Tamanna Bhardwaj