गायत्री प्रजापति के घर ED का छापा, ड्राइवर के पास 200 करोड़ की संपत्ति, रडार पर अखिलेश भी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 30, 2020 - 05:27 PM (IST)

लखनऊ: दुष्कर्म एवं अन्य मामलों के आरोप में जेल में बंद समाजवादी पार्टी की सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति और उनके निजी चालक रामराज के अमेठी स्थित घर पर बुधवार सुबह पर्वतन निदेशालय (ईडी) ने आज छापेमारी की जिसमें ड्राइवर के पास 200 करोड़ की संपत्ति होने का पता चला।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इलाहाबाद से पहुंची ईडी की टीम ने दोनों स्थानों पर स्थानीय पुलिस टीम के साथ एक साथ छापा मारा। एक टीम में करीब आधा दर्जन ईडी के अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय पुलिस बल हैं। इसके अलावा लखनऊ के विभूतिखंड स्थित ओमेक्स में गायत्री के बेटे अनिल प्रजापति के आफिस में भी ईडी ने जांच की।

ईडी के संयुक्त निदेशक राजकेश्वर सिंह ने कहा कि गायत्री प्रजापति के लखनऊ, कानपुर और अमेठी में सात ठिकानों पर जांच की जा रही है। बुधवार सुबह सात बजे ईडी की टीम ने आवास विकास स्थित गायत्री प्रजापति के निजी आवास एवं चालक रामराज के घर में छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में गायत्री का बड़ा पुत्र अनिल भी जेल में बंद है। घर के अंदर टीम सभी दस्तावेज खंगाल रही है। वहां नौकर मौजूद था।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। अखिलेश यादव 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और 2012 से 2013 तक राज्य के खनन मंत्री रहे हैं। 2012 से 2016 के बीच अवैध खनन हुआ था। 

Tamanna Bhardwaj