वृद्ध महिला का खून से लथपथ मिला शव,  लूटपाट में हत्या की आशंका

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 05:49 PM (IST)

मथुरा:  उत्तर प्रदेश के मथुरा में घनी आबादी वाली चूना कंकड़ गली में रविवार सुबह घर में अकेली रह रही एक वृद्ध महिला का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय कौशल ने बताया कि मृतका की पहचान कुसुम चतुर्वेदी (80) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि जब उनकी घरेलू सहायिका घर पहुंची तो उसने खून से लथपथ शव देखकर मौहल्ले वालों को घटना की जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की। एसएचओ ने कहा कि घटनास्थल की स्थिति और शव के निकट खून से लथपथ ईंट मिलने से प्रतीत होता है कि उनकी हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार वृद्ध महिला का इकलौता बेटा अनुपम आगरा में निजी क्षेत्र में नौकरी करता है और चार विवाहित बेटियां अपनी-अपनी ससुराल में रहती हैं। सभी को घटना की सूचना दे दी गई है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि वह हमेशा कानों में सोने के कुण्डल एवं हाथों में कंगन पहना करती थीं, जो शव पर नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने उनकी हत्या करके जेवर लूट लिए हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static