चुनाव देश की तस्वीर और तकदीर तय करेगा: वरूण गांधी

punjabkesari.in Monday, May 06, 2019 - 01:03 PM (IST)

सुलतानपुर: भारतीय जनता पार्टी(BJP) के वरिष्ठ नेता व सुलतानपुर संसदीय सीट से मौजूदा सांसद वरूण गांधी ने कहा कि यह चुनाव देश की तस्वीर और तकदीर तय करेगा। भाजपा प्रत्याशी एवं केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सर्वमान्य नेता हैं। वे लोगों के दिलों में बसे हैं। उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद देश का सम्मान बढ़ा है। यह चुनाव देश की तस्वीर और तकदीर तय करेगा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पहली बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है।

गांधी ने कहा कि देश में मोदी की लहर है। आज जो हवा चल रही है वह देश को मजबूत करने वाली हवा है। कुछ लोग चुनाव में यह कहेंगें कि स्थानीय लोगों को जिताएं,लेकिन आप भ्रमित न हों। यह चुनाव स्थानीय मुद्दों का, और नाली, खडंजे का नहीं है। यह चुनाव तय करेगा कि फिर से भारत दुनिया का विश्वगुरू बनेगा। उन्होंने कहा कि देश विदेश में लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सम्मान करते हैं जिससे हम लोग भी गर्व महसूस करते हैं। मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने ईमानदारी से पांच साल काम किया।

गांधी ने कहा कि सुलतानपुर की प्रत्याशी मेनका गांधी ने आजीवन ईमानदारी से काम किया है। 40साल की राजनीति में उन पर एक भी दाग नहीं है। मैंने भी सुलतानपुर में सांसद के रूप में पांच साल काम किया। एक बार भी अपना वेतन नहीं लिया, जनता की सेवा में दान कर दिया। अपनी मां के लिए आप सभी का आशीर्वाद मांगने आया हूं। इस बार भी राष्ट्र के लिए, देश के झंडे को बुलन्द करने के लिए, लाल किले में ईमानदार और राष्ट्रभक्त को चुनने के लिए भाजपा को वोट दें।

Anil Kapoor