इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने समाचार की दुनिया को बदलकर रख दिया : अखिलेश

punjabkesari.in Sunday, Sep 25, 2016 - 07:23 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि इंटरनेट की मौजूदगी से सूचना सप्रेषण में बहुत बदलाव आया है। अब किसी भी घटना से सम्बन्धित समाचार को सोशल मीडिया का प्रयोग करते हुए तत्काल प्रसारित किया जा सकता है। अखिलेश ने यहां ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर एसोसिएशन के प्रांतीय सम्मेलन में कहा, ‘‘कोई भी समाचार सोशल मीडिया के जरिए तत्काल प्रसारित किया जा सकता है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने भी समाचार की दुनिया को बदलकर रख दिया है। ब्रेकिंग न्यूज से काफी बदलाव आए हैं।’’  

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘‘इन्फॉर्मेशन फ्लो’’ हमारी ताकत है। एेसे में छोटे समाचार पत्र तहसील, ब्लॉक और गांव के स्तर पर महत्वपूर्ण समाचारों को लोगों तक पहुंचाने तथा जन समस्याआें को सरकार तक पहुंचाने का काम करते हैं, उनके महत्व को नकारा नहीं जा सकता। अखिलेश ने कहा कि लघु समाचार पत्र संसाधनों की कमी के कारण विभिन्न समस्याआें से जूझते हुए भी इन स्तरों पर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम कर रहे हैं, यह सर्वविदित है। समाजवादी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था रखती है, इसलिए छोटे समाचार पत्रों की समस्याआें को सुलझाने के सारे प्रयास किए जाएंगे।  

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान करने वाली सभी संस्थाआें को मजबूती प्रदान करते हुए उनके सम्मान को बहाल करने का काम किया है। प्रदेश की समाजवादी सरकार एक उदारवादी लोकतांत्रिक सरकार है और वह मीडिया को लोकतंत्र का अभिन्न अंग मानती है। मुख्यमंत्री ने सपा सरकार द्वारा साढ़े चार साल में किये गये विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे न केवल उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बदलेगा, बल्कि इसका प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। इस कड़ी में अखिलेश ने लखनउ, कानपुर, वाराणसी मेट्रो, समाजवादी पेंशन योजना, नि:शुल्क लैपटॉप वितरण, कन्या विद्या धन योजना, 108 समाजवादी स्वास्थ्य सेवा, 102 नेशनल एम्बुलेंस सेवा का उल्लेख किया।