शर्मनाकः दबंग प्रधानाध्यापक ने शिक्षिका को बुरी तरह से पीटा, फाड़े कपड़े

punjabkesari.in Sunday, Jan 28, 2018 - 07:02 PM (IST)

आजमगढ़ः योगी सरकार कानून व्यवस्था के लाख दावे कर ले, लेकिन दबंग आज भी अपनी मनमानी करने में पीछे नहीं हट रहे हैं। रविवार को बरदह थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नरवें पर जो कुछ हुआ उसे देखकर लोग कांप उठे। दबंग प्रधानाध्यापक और उसके पुत्र ने महिला शिक्षामित्र को जमीन पर घसीट-घसीट कर पीटा। उसके कपड़े तक फाड़ दिए। यहीं नहीं दबंगों ने इस दौरान खुलकर असलहे का प्रदर्शन किया और शिक्षामित्र के मासूम बच्चे को भी घायल कर दिया। शिक्षामित्र की शिकायत पर पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक जिले के बरदह थाना क्षेत्र के नरवे गांव निवासी सुधा सिंह पत्नी संतोष सिंह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय-2 पर शिक्षामित्र पद पर तैनात है। सुधा का आरोप है कि प्रधानाध्यायक ओमप्रकाश सिंह पुत्र स्व. उदयभान सिंह लंबे समय से उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहा है। रविवार को पोलियो कार्यक्रम होेने के कारण वह स्कूल पर बच्चों को पोलियो की दवा पिला रही थी। उसी दौरान करीब 11.30 बजे ओम प्रकाश सिंह विद्यालय पर पहुंचा और गाली देते हुए उसपर हमला कर दिया। मारने पीटने के बाद वे जान से मारने की धमकी देकर लौट गया।

वहीं कुछ देर बाद वे फिर अपने पुत्र आलोक सिंह के साथ विद्यालय पर पहुंचे। आलोक हाथ में पिस्टल लिए हुए था। दोनों ने उसे फिर मारा पीटा और कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान उसके बच्चे को भी उन्होंने उठाकर पटक दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है।