शर्मनाकः महिला-पुरुष की बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने बचाने की जगह पीड़ितों को ही पीटा

punjabkesari.in Monday, Jul 08, 2019 - 11:55 AM (IST)

मथुराः यूं तो पुलिस लोगों की मदद करने या उनकी समस्या का हल करने के लिए होती है, लेकिन यूपी पुलिस का एक अलग ही चेहरा देखने को मिला है। दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग महिला-पुरूष को सरेराह पीट रहे हैं। वहीं मौके पर मौजूद 2 पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की बजाय खुद ही उनकी पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो मथुरा शहर के नए बस स्टैंड का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला-पुरूष और उनके साथ एक मासूम बच्चे के साथ 2 लोग बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। वहीं पास में खड़े पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की बजाय खुद भी पीड़ितों की पिटाई करने लग जाते हैं। इतना ही नहीं पास ही में ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं। उन्होंने भी यह सब रोकने की जहमत नहीं उठाई। इसी बीच एक अन्य युवक भी लाठी से पीड़ित पुरूष पर हमला करता है। वहीं बीच बचाव करने आई महिला को भी उसने नहीं बख्शा।

वहीं जब यह वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। तत्काल एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने वीडियो की जांच के लिए सीओ को आदेश दे दिया। साथ ही तत्काल पूरी घटना की जांच कर सख्त कार्रवाई की बात कही। फिलहाल अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि आखिर पीड़ित कौन थे। कहां से आए थे और किस बात को लेकर मारपीट हुई थी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरी घटना की जांच में जुटी है।

Ruby