इमरजेंसी में डॉक्टर मिला शराब के नशे में धुत्त, बिफर पड़ी सांसद

punjabkesari.in Monday, Nov 20, 2017 - 04:50 PM (IST)

लखीमपुरखीरी: लखीमपुर खीरी जिले में सांसद रेखा वर्मा जिला अस्पताल पहुंची तो व्यवस्थाएं देख सी.एम.ओ. और डी.एम. को फोन लगा बैठी। उन्होंने आला अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसे चलाते हैं आप जिला, न मरीज को दवा है, न इलाज। डॉक्टर यहां शराब पीकर मरीजों का इलाज करते हैं।

दरअसल सांसद रेखा वर्मा अपने क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल हुए 5 लोगों को जिला अस्पताल देखने पहुंची थी। यहां एमरजैंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर वी.के. यादव शराब के नशे में धुत्त मिला। इस पर सांसद बिफर पड़ी। पहले सी.एम.ओ. को फोन लगाया, फिर डी.एम. को फोन पर ही डॉक्टर की करतूत बताई। अस्पताल का यह बुरा हाल देख सांसद रेखा वर्मा यहीं नहीं रुकी।

कई घायलों को पैरों में बगैर टांके लगाए और पट्टी किए इमरजेंसी में शिफ्ट कर दिया गया था। यह देखकर सांसद का पारा और चढ़ गया। सी.एम.ओ., सी.एम.एस. को मौके पर तलब किया, जमकर फटकार भी लगाई। डॉक्टर को नशे में देख सांसद रेखा वर्मा इतनी नाराज हुई कि खुद ही मरीजों की पट्टी की और उनके पैरों से गिर रहे खून को अपने हाथों से पोंछने लगीं।

सांसद को अपने बीच देख कई मरीज अस्पताल में बाहर से दवाई खरीदने की शिकायत करने लगे। उधर, ड्यूटी पर तैनात जिस डॉक्टर पर शराब पीने का आरोप था उसने आरोपों को नकारा है। सी.एम.ओ. डॉ. जावेद अहमद ने आरोपी डॉक्टर को चेतावनी जारी की है। सी.एम.ओ. ने बताया कि सांसद की शिकायत पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर वी.के. यादव का मैडीकल कराया गया है। रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई होगी।