पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़, गिरफ्त में आया ईनामी बदमाश

punjabkesari.in Sunday, May 28, 2017 - 12:41 PM (IST)

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में 5000 रुपए का ईनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया और एक गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि बिलरियागंज पुलिस महराजगंज रोड पर गोरया बाजार के पास सुबह वाहन चेकिंग कर रही थी। रोकने पर एक कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में 5000 रुपए का ईनामी बदमाश जहांगीर आलम पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसका साथी श्याम पटेल गिरफ्तार कर लिया गया है। जहांगीर को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि इनके तीन अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। घायल बदमाश बिलरियागंज क्षेत्र के जयराजपुर गांव का रहने वाला है। साहनी ने बताया कि घायल बदमाश ने साथियों के साथ मिलकर लूट और हत्या की नीयत से 10 दिन पूर्व एक कार मालिक को चाकू मारकर घायल कर दिया और मऊ जिले के घोसी में मरा समझकर छोड़ दिया था। इसके बाद कार और 60 हजार रूपए लेकर फरार हो गए थे। पुलिस अब इन बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस के कई सिपाहियों को भी चोटें आई हैं।