सहारनपुर के जंगलों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2 बदमाश घायल

punjabkesari.in Thursday, Oct 05, 2017 - 10:21 AM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में 2 बदमाश और एक कांस्टेबल घायल हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार के अनुसार रात करीब 1 बजे बिहारीगढ़ इलाके के धौलाकुआं के पास डकैती की योजना बना रहे 4 बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरु कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में 2 बदमाश और एक कांस्टेबल घायल हुआ है। पकड़े गए बदमाशों में जफर, महजद्दीन, प्रवेश और उमरद़ीन शामिल हैंं। उनके पास से 4 तमंचे और लाठी आदि बरामद की गई हैं। मुठभेड़ में घायल कांस्टेबल बबलू और दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।