इटावा: साड़ी खरीदने बाजार आई महिला पर फेंका तेजाब, बगल में खड़ी एक अन्य महिला के जले कपड़े

punjabkesari.in Monday, Jun 14, 2021 - 07:44 PM (IST)

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोतवाली इलाके में तिकोनिया के पास साड़ी लेने बाजार आई एक महिला पर अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है।  

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आज दोपहर करीब ढाई बजे के आसपास गांधीनगर की रहने वाली एक महिला अपनी बहन के साथ मुख्य बाजार पक्की सराय में साड़ी खरीदने आई हुई थी। महिला जब दुकान पर साड़ी देख रही थी उसी वक्त किसी ने पीछे से उस पर तेजाब फेंक दिया। महिला को अस्पताल भेज दिया गया है। इस दौरान महिला के बगल में खड़ी एक अन्य महिला के पर तेजाब गिरने से उसके कपड़े जल गए।       

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में मामला दर्ज करा दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Content Writer

Umakant yadav