इटावा: चलती ट्रेन में रिटायर्ड जज की बेटी से छेड़छाड़, 2 जवान गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Nov 30, 2017 - 11:46 AM (IST)

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में चलती ट्रेन में रिटायर्ड जज की बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने भारतीय सेना के 2 जवानों पर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। जीआरपी ने दोनों जवानों को हिरासत में लेने के बाद मामला दर्ज कर लिया और आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार बिहार से रिटायर्ड अपर जिला जज की बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली बेटी बुधवार को 12401 अप मगध एक्सप्रेस में इलाहाबाद से नई दिल्ली जा रही थी। उसने जीआरपी को ट्रेन में 2 भारतीय जवानों के छेड़छाड़ करने की फोन से सूचना दी। जीआरपी थाना प्रभारी विजय सिंह ने कोच संख्या पूछ कर इटावा स्टेशन पर मदद का भरोसा दिया।

पीड़िता का आरोप है कि कानपुर से पहले चंदारी स्टेशन से ही जवान अश्लील हरकतें करने लगे थे। जब उसने इस बात का विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट करनी शुरु कर दी। इसके बाद उन्होंने उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंकने का प्रयास भी किया। वहीं दूसरी तरफ फौजियों का कहना है कि छात्रा हमारी सीट पर बैठ गई और उसने पहले भाई बनाया और फिर यह आरोप लगा दिया।