पूर्व सैनिक ने पत्नी और समधन को मार डाला,  जानिए क्यों?

punjabkesari.in Tuesday, Dec 20, 2022 - 06:37 PM (IST)

फर्रुखाबादः मुकदमे को लेकर घर में पंचायत के दौरान मारपीट करने पर पूर्व सैनिक ने समधन पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। बीच में आई उसकी पत्नी को भी गोली लग गई जिससे उसकी मौत हो गई। नाराज पूर्व सैनिक ने समधन और बहू पर दोबारा गोली चलाई। समधन ने भी गोली लगने से दम तोड़ दिया जबकि बहू गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बहू की बहन वहां से किसी तरह जान बचाकर भागी और लोगों को इसकी जानकारी दी। मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस भी आ गई। पूर्व सैनिक को हिरासत में लेकर लाइसेंस बंदूक कब्जे में ले ली है। घटना स्थल से तीन कारतूस बरामद हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवाजी कालोनी निवासी पूर्व सैनिक विजय शंकर ने पुत्र माधव की शादी चार फरवरी 2022 को पास के मोहल्ला नगला नैन निवासी सैनिक राजेश की पुत्री काजल के साथ की थी। माधव सेना में है, वह हिमांचल प्रदेश में इस समय तैनात है। काजल ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा किया था। पूर्व सैनिक ने समझौते का प्रस्ताव रखा तो काजल तीन दिन पहले ससुराल आ गई। सोमवार को सरिता दूसरी पुत्री को लेकर वहां आई। पंचायत के दौरान विवाद हुआ तो उन्होंने पूर्व सैनिक को पीट दिया। इससे नाराज होकर उसने बंदूक से समधन पर फायर कर दिया। पूर्व सैनिक की पत्नी सत्यवती दोनों के बीच आ गईं। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। पूर्व सैनिक ने समधन सरिता को भी गोली मार दी और बहू पर फायर झोक दिया। सरिता की मौत हो गई जबकि काजल गंभीर रूप से जख्मी हो गई। काजल को भी मृत समझ कर वह वहीं बैठा रहा जबकि उसकी बहन गेट खोलकर भाग गई।

Content Writer

Ajay kumar