अमेठी और शाहगंज को रेलमार्ग से जोड़ने की उम्मीद बढ़ी

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2019 - 12:28 PM (IST)

जौनपुरः उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के शाहगंज जंक्शन को सुलतानपुर रेल मार्ग से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। सुलतानपुर की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने इस आशय का एक पत्र केन्द्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल को सौंप कर इस बहुप्रतिक्षित प्रोजेक्ट को शुरू करने की मांग की है। केन्द्रीय मंत्री और अमेठी की भाजपा सांसद जुबिन स्मृति इरानी ने भी इस संबंध में अपनी स्वीकृति प्रदान की है।

उन्होंने गांधी को भरोसा दिया है कि अगर इस मामले को संसद में उठाएं तो वह वह भी इसके लिए पुरजोर पैरवी करेंगी क्योंकि जौनपुर जिले की सबसे बड़ी तहसील शाहगंज जिसे जिला मुख्यालय घोषित करने का प्रस्ताव शासन में विचाराधीन है।

इस तहसील मुख्यालय के पूर्वोत्तर उत्तर रेलवे के शाहगंज जंक्शन स्टेशन से सुलतानपुर और अमेठी जिला मुख्यालय को जोड़ने के लिए रेलमार्ग की कोई व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से लेकर तमाम बड़े नेताओं ने अपने समय में शाहगंज को सुलतानपुर से सीधे रेलमार्ग से जोड़ने का भरोसा दिया था। उस समय सर्वे का कार्य भी पूर्ण हो चुका था। केन्द्र में सत्ता बदलते ही यह बहुप्रतिक्षित प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। लेकिन सुलतानपुर और अमेठी में जिले में भाजपा की शानदार जीत पर क्षेत्रीय नागरिकों की मांग पर इस बहुप्रतिक्षित प्रोजेक्ट पर एक बार फिर से कार्य तेज हो गया है।

बदलापुर के विधायक रमेश मिश्र ने दिल्ली में ज्ञापन देकर मांंग किया है कि शाहगंज से सुइथाकला ब्लाक. सूरापुर होकर कादीपुर होकर सुलतानपुर से नवसृजित जनपद अमेठी को यह नई रेल लाइन सीधे जोडे़गी। जिससे बरौसा, अर्सिया गांव सहित दर्जनों गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

इस संबंध में मिश्र ने रविवार को यूनीवार्ता को बताया कि दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पार्टी की सांसद मेनका गांधी से मिल कर उन्हें मांग पत्र सौंपा है। जिस पर उन्होंने भरोसा दिया था कि सुलतानपुर, जौनपुर और अमेठी को सीधे जोड़ने वाले इस बहुप्रतिक्षित प्रस्ताव पर जल्द कार्य शुरू किया जायेगा। जिसके बाद से तीन जिलों को रेल मार्ग से आपस में जोड़ने और नई रेल लाइन बिछाने की पहल एक बार फिर कार्य प्रारंभ हो गया है।


 

Tamanna Bhardwaj