खुलासाः फर्जी शौचालय बनवाने को लेकर की थी व्यापारी की हत्या, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 09, 2017 - 01:37 PM (IST)

इलाहाबादः इलाहाबाद पुलिस ने व्यापारी अनिल मिश्रा मर्डर केस का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का मर्डर सरकारी फंड से शौचालय बनवाने के विवाद को लेकर किया गया था।

जानकारी के मुताबिक अनिल मिश्रा ग्राम प्रधान का करीबी था। गांव में प्रधानी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। वहीं गांव के ही असलम नामक युवक ने पहले सरकारी फंड पर शौचालय बनवाया था। इसके बाद वह दूसरे नाम से एक अन्य शौचालय मंजूर किए जाने की मांग कर रहा था।

अनिल ने फर्जी तरीके से शौचालय मंजूर किए जाने से इंकार कर दिया। जिसके चलते असलम और उसके दोस्तों ने पीट-पीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की लाश सुबह गांव के तालाब में पाई गई। लाश मिलने के बाद इलाके के लोगों ने जमकर हंगामा किया।

पुलिस ने बताया कि मृतक को फर्जी तरीके से शौचालय बनवाने का विरोध करने की सजा दी गई। पुलिस ने कत्ल में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी असलम समेत 4 अन्य लोग अभी भी फरार हैं।