अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से 6 मकान ढहे, 3 की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Wednesday, Oct 04, 2017 - 03:42 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश में कानपुर के महराजपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस धमाके में 3 लोगों की मृत्यु हो गई तथा 2 अन्य घायल हो गए। सरसौल बाजार के बीचों-बीच मुख्य बाजार में हुआ यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि 6 मकान मलबे में तब्दील हो गए।
                 
घटना की जांच के लिए आतंकवादी निरोधक दस्ता (एटीएस) मौके पर पहुंच गया है जबकि राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद कर रहा है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की संभावना है। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र में बचाव और राहत कार्य जारी है। मलबे से अब तक 3 लोगों के शव बरामद किए गए हैं जिसमें एक महिला और एक बच्चे का शव शामिल है।
                 
पुलिस के अनुसार कस्बे के एक मकान में पटाखा फैक्ट्री का अवैध संचालन हो रहा था। यह मकान बाबू सिंह नामक व्यक्ति का है। इस बीच धमाका होने से यह मकान जमीदोज हो गया। मलबे से 2 लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है जिन्हें कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।