कोविड संक्रमण के चलते अत्यधिक सावधानी बरतने की जरुरत: मोहन प्रसाद

punjabkesari.in Thursday, Feb 25, 2021 - 07:22 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि कुछ राज्यों में कोविड संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे है इसलिए अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रसाद ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में 1,40,882 सैम्पल की जांच की गई। प्रदेश में अब तक 3,09,30,489 सैम्पल की जांच की गयी है। उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा कोरोना टेस्टिंग करने वाला प्रदेश है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 131 नये मामले आये हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2182 कोरोना के एक्टिव मामलों में से 630 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 5465 लोगों ने तथा अब तक 5,55,085 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। उन्होंने बताया कि निजी चिकित्सालयों में 170 लोग ईलाज करा रहे हैं, इसके अतिरिक्त जिलो में एल-2 एवं एल-3 स्तर के सरकारी अस्पतालों में मरीज अपना ईलाज करा रहे है।  प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 24 घण्टों में 135 तथा अब तक 5,92,327 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,576 क्षेत्रों में 5,11,796 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,77,879 घरों के 15,28,52,752 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।

उन्होंने बताया कि आज स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की द्वितीय डोज दी जा रही है। इसके अतिरिक्त छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंट लाइन कर्मियों को आखिरी अवसर प्रदान करते हुए वैक्सीन की प्रथम डोज भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जो कर्मी टीकाकरण से छूट गये है, वे पास के टीकाकरण केन्द्र में सम्पर्क कर सकते है। केन्द्र में पंजीकरण संख्या से जानकारी मिल जायेगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंट लाइन कर्मियों के बाद अगले चरण में 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को वैक्सीन लगाने का कार्य किया जायेगा। 45 से 60 वर्ष के जिन लोगों को-मॉबिडिटी है उनका भी टीकाकरण शीघ्र किया जायेगा।

प्रसाद ने बताया कि 10 से 24 फरवरी तक प्रदेश में फोकस सैम्पलिंग का अभियान फिर से चलाया गया, जिसके अन्तर्गत रेस्टोरेंट में काम करने वाले लोगों, फल सब्जी विक्रेता, टैम्पों थ्री व्हीलर/रिक्शा, सरकारी एवं निजी बस चालकों का, स्वीट शॉप और नारी निकेतन, वृद्धाश्रम आदि, जेलों में, सरकारी व निजी कार्यालयों में तथा मलिन बस्तियों में रहने वालों की जांच की गयी।   उन्होंने बताया कि फोकस टेस्टिंग अभियान के तहत 10 से 20 फरवरी तक के आंकड़े के अनुसार 03 लाख से अधिक सैम्पलों का कोविड-19 टेस्ट किये गये थे, जिसमें केवल 300 सैम्पल पॉजिटिव मिले। उन्होंने बताया कि च्मेरा कोविड केन्द्र' ऐप के माध्यम से 05 किलोमीटर के दायरे में स्थित कोविड-19 जांच केन्द्र की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि कुछ राज्यों में कोविड संक्रमण के केस फिर से बढ़ रहे है इसलिए अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कोई समस्या होने पर कोविड हेल्पलाइन नं0 18001805145 पर सम्पर्क कर सकते है। उन्होंने कहा है कि कोरोना की जांच और इलाज की निशुल्क सरकारी व्यवस्था है। 

Content Writer

Ramkesh