फेसबुक पर बनी विदेशी मां की सामने आई कुछ अनदेखी फोटो

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2016 - 01:33 PM (IST)

गोरखपुर: फेसबुक पर बनी विदेशी मां की कुछ अनदेखी फोटो सामने आई है। यूपी के पिपराइच के रहने वाले कृष्ण मोहन त्रिपाठी की शादी में अमेरिका से आई डेब मिलर शुक्रवार को अपने वतन लौट गईं। शादी प्रोग्राम की हर रस्म में वे शामिल हुईं। डेब शादी में एक मां की तरह हल्दी, चूमन, परछावन जैसी रस्मों में भी शामिल हुईं।

कृष्ण की बहन रस्मि ने बताया कि मिलर बड़े ही शौक के साथ सिंदूर लगाती और मेकअप करती थीं।  वह पूरे दिन कस्बे में घूमने के साथ-साथ शिव और देवी मंदिर में जाती थीं। हिंदी नहीं आती थी, इसलिए वह सिर्फ मुस्कराती, हैलो और नमस्ते बोलती थीं। मिलर ने एक लेटर लिखकर अपने एक्सपीरियंस को शेयर किया। गोरखपुर से लौटते वक्त थानेदार अजय कुमार ओझा ने मिलर को शॉल और गीता गिफ्ट किया।

दरअसल, कृष्ण की जब डेब मिलर से फेसबुक पर दोस्ती हुई उस वक्त कृष्ण 12वीं का स्टूडेंट था। उसे विदेशियों से दोस्ती का शौक था, इसलिए वह अमेरिका के बर्ट को फ्रेंड बन गया। बर्ट और डेब मिलर म्यूचुअल फ्रेंड थे। डेब मिलर की भी विभिन्न देशों के लोगों से दोस्ती का शौक है। वह लॉर्ड कृष्णा के बारे में जानती थी।

फेसबुक पर ही अमेरिका-इंडिया के एक पेज पर कमेंट के बाद डेब की नजर कृष्ण पर पड़ी। बर्ट की फ्रेंड लिस्ट में कृष्ण का नाम देखकर डेब ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट सेंड किया और दोनों की दोस्ती हो गई। कृष्ण मोहन त्रिपाठी और डेब मिलर दो साल पहले मां-बेटे बने।  चैटिंग के दौरान डेब ने बताया कि उसे कोई बच्चा नहीं है। क्या तुम मेरे बेटे बनोगे? तब से दोनों के बीच मां-बेटे का रिश्ता बन गया।