दुष्कर्म के प्रयास में नाकाम दरिंदों ने महिला को लाठी-डंडों से पीटा, मौत

punjabkesari.in Monday, Feb 05, 2018 - 03:25 PM (IST)

प्रतापगढ़ः योगी सरकार महिला सुरक्षा के चाहे लाख दावे कर ले, लेकिन फिर भी प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला प्रतापगढ़ जिले का है। जहां एक महिला के साथ दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं इंसानियत को शर्मसार करते हुए दरिंदों ने महिला का पूरा शरीर ही चाकुओं से गोद डाला। 

जानकारी के मुताबिक घटना कोतवाली क्षेत्र के टेंउंगा गांव की है। यहां की निवासी 42 वर्षीय महिला पास के ही एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका थी। महिला के परिजन दिल्ली में रहते हैं। सुत्रों की मानें तो महिला तालकशुदा थी। शनिवार रात को आधा दर्जन दरिंदे महिला के घर में घुस गए और महिला से दुष्कर्म की कोशिश करने लगे। लेकिन महिला ने दरिंदों को अपने गंदे इरादों में कामयाब नहीं होने दिया।

जिसके बाद दरिंदों ने महिला के लाठी-डंडे से हाथ पैर तोड़ दिए। महिला की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े चले आए और आरोपी महिला को मरा समझ कर फरार हो गए। आनन-फानन में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत को गंभीर देखते हुए उसे इलाहबाद रेफर कर दिया, लेकिन यहां महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने महिला को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने 2 आरोपियों अपनी हिरासत में ले लिया है। एसपी ने बताया कि इस घटना में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।