आस्था या अंधविश्वास, तांत्रिक ने कहा- तुम्हारी बीवी बीमार है मेरे पास छोड़ जाओ, फिर...

punjabkesari.in Friday, Nov 17, 2017 - 02:10 PM (IST)

सोनभद्रः हैरानी होती है ये जानकर कि 21वीं सदी में भी लोग तांत्रिक बाबाओं की बातें मानते है। कुछ लोग इस कदर अंधविश्वासी होते है कि उन्हें पता ही नहीं लगता क्या सही है और क्या गलत? ऐसा ही एक ताजा मामला सोनभद्र का है। जहां एक गांव के नव विवाहित दंपति अंधविश्वास में फंसकर एक तांत्रिक की शरण में गए। जिसके बाद भूत-प्रेत बाधा का चक्कर होने का झांसा देकर ढोंगी तांत्रिक ने विव‌ाहिता के संग दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

दरअसल 19 वर्षीय विवाहिता अपने पति के साथ झाड़-फूंक कराने तांत्रिक के पास पहुंच गई। ढोंगी तांत्रिक ने उन्हें भूत-प्रेत बाधा का चक्कर बताया। तांत्रिक ने महिला के पति से कहा कि महिला को यहां रुकना होगा। महिला को तांत्रिक ने 5 दिन तक अपने पास रखा और मौका देखकर उसका बलात्कार कर दिया। 

जिस दिन आरोपी ने उसका बलात्कार किया उस दिन विवाहिता के पति को साजिश का शिकार बनाकर कहीं बाहर भेज दिया। बताया जा रहा है कि तात्रिंक छोटेलाल कोल (40) सोखा बनकर करीब 5 वर्षों से झाड़ फूंक का काम करता था।

वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया है कि झाड़फूंक के बहाने तांत्रिक ने उसके साथ बलात्कार किया। जब दूसरे दिन उसका पति वहां पहुंचा तो उसकी पत्नी ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों मिलकर इस मामले को लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया।