Kumbh 2019:  मौनी अमावस्या पर्व पर मालिनी अवस्थी ने संगम में लगाई डुबकी

punjabkesari.in Monday, Feb 04, 2019 - 11:01 AM (IST)

प्रयागराजः प्रयाग के कुंभ में दूसरे शाही स्नान के मौनी अमावस्या पर्व पर आस्था की डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया है। संगम किनारे जमे श्रद्धालुओं ने 11 बजे रात के बाद से ही स्नान शुरू कर दिया। वहीं मशहूर लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने भी आस्था की डुबकी लगाई।

प्रयागराज के मंडलायुक्त आशीष गोयल ने बताया, कुंभ के छह स्नान पर्वो में सबसे अधिक मान्यता मौनी अमावस्या पर्व की है। इस नाते भीड़ का उमड़ना स्वाभाविक है। मेला प्रशासन ने सोमवार को तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान की संभावना जताई है और इसके लिए सभी जरूरी इंतजामों और सुरक्षा का रिहर्सल किया जा चुका है। मेला क्षेत्र में शनिवार से ही उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संगम के लिए जाने वाले हर संपर्क मार्ग पर सुरक्षा बल मुस्तैदी से डटे हुए हैं। हर आने जाने वाले को कड़ी तलाशी के बाद मेला क्षेत्र में जाने की इजाजत दी जा रही है हालांकि सुरक्षा बलों का व्यवहार श्रद्धालुओं के प्रति उदार बना हुआ है।  

बाहर के जिलों से आने वाले वाहनो का प्रवेश शहर में निषेध कर दिया गया है। रोडवेज बसों और अन्य निजी वाहनो के लिए शहर के बाहरी छोरों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है जबकि वहां से सिविल लाइंस तक के लिये कुंभ शटल में मुफ्त यात्रा का इंतजाम किया गया है। सिविल लाइंस से संगम तक जाने के लिए केवल पैदल लोगों को इजाजत दी जा रही है।  

 

Ruby