मशहूर जादूगर OP शर्मा ने कानपुर के अस्पताल में ली आखिरी सांस, सपा से लड़ चुके थे चुनाव
punjabkesari.in Sunday, Oct 16, 2022 - 11:43 AM (IST)

कानपुर: पूरी दुनिया में अपने जादू का परचम फहराने वाले कानपुर के महान जादूगर ओपी शर्मा का शनिवार रात को निधन हो गया। उन्होंने 76 साल की उम्र में कानपुर के फार्च्यून अस्पताल में जीवन की आखिरी सांस ली। वह किडनी की बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। रंगमंच और इंद्रजाल की दुनिया का हर शख्स गमगीन हो गया।
जानकारी मुताबिक जादूगर ओपी शर्मा मूल रूप से बलिया के रहने वाले थे। वह कानपुर में स्मॉल आर्म्स फैक्ट्री में कम करने आए थे और फिर यहीं से जादूगर बन गए। जादूगर ओपी शर्मा के द्वारा आगरा में समय-समय पर अलग-अलग जादू दिखाया जाता था। आगरा के लोग इंतजार करते थे कि कब ओपी शर्मा आएं और उन्हें जादू दिखाएं। ओपी शर्मा ने अपनी जिंदगी में 34 हजार से ज्यादा जादू के शो किए। उनके परिवार में पत्नी, 3 बेटे और 1 बेटी है। ओपी शर्मा के छोटे बेटे सत प्रकाश शर्मा भी जूनियर ओपी शर्मा कहे जाते हैं। वहीं ओपी शर्मा समाजवादी पार्टी की तरफ से कानपुर में गोविंद नगर से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे।
आपको बता दें कि जादूगर ओपी शर्मा के घर का नाम भूत बंगला है, जो शहर की एक पहचान बन चुका है। जादूगर ओपी शर्मा 13 सितंबर 2019 को आखिरी बार आगरा आए थे। यहां पर उन्होंने सूरसदन प्रेक्षागृह में जादू दिखाया था। जादूगर ओपी शर्मा का शो देखने के लिए लोग ब्लैक में भी टिकट खरीद रहे थे। जादूगर ओपी शर्मा कभी भी किसी भी शहर में शो करने जाते थे तो उनके साथ 100 से अधिक लोगों का काफिला होता था। ओपी शर्मा जब एक जगह से दूसरी जगह रवाना होते थे तो इंद्रजाल का सारा सामान 16 से अधिक ट्रकों में समाता था। उनकी टोली में सहयोगी पुरुष एवं महिला कलाकारों, संगीतकारों, गायकों, मेकअप मैन और प्रकाश नियंत्रक जैसे कई सहयोगी होते थे।