8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: मशहूर शूटर दादी प्रकाशी तोमर ने किया योग, कहा- योग भारतीय संस्कृति से जुड़ा है

punjabkesari.in Tuesday, Jun 21, 2022 - 01:24 PM (IST)

हापुड़: 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शूटर दादी प्रकाशी तोमर ने तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर में योग किया। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने योग करने के फायदे बताया। इसके साथ ही कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि मैंने 60 साल की उम्र में शूटिंग करना प्रारंभ किया था तो अगर आप ठान ले तो कोई भी काम किसी भी उम्र में कर सकते हैं। योग करने से तन स्वस्थ रहता है और मस्तिष्क भी स्वस्थ रहता है। योग से पढ़ाई में भी बहुत लाभ मिलता है। तोमर ने कहा कि लोगों को स्वस्थ और खुशहाल बनाए रखने के लिए योग को काफी असरदार माना गया है। मौजूदा दौर में भी योगाभ्यास के जरिए जीवन शैली में सुधार के स्वस्थ रहा जा सकता है। योग से मनुष्य स्वस्थ रहता है। साथ ही फिट रहकर लंबे जीवन को प्राप्त करता है।

शूटर दादी ने कहा योग का मानव जीवन में महत्व देखते हुए साल 2015 से पूरे विश्व में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन लोगों में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का मकसद है। शरीर को निरोगी रखने के लिए योग करना जरूरी है।

Content Writer

Imran