यूपी में एक बार फिर कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या

punjabkesari.in Sunday, Dec 24, 2017 - 05:06 PM (IST)

बांदाः यूपी में किसानों की खुदकुशी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे। इसी क्रम बांदा में आज फिर एक किसान ने अपने घर में ही फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। आत्महत्या के पीछे का कारण कर्ज से परेशानी बताया जा रहा है।

दरअसल, बबेरु कस्बे के जमुनिया पुरवा गांव में एक 45 वर्षीय किसान ने शनिवार को घर में ही फंदा लगा लिया। जानकारी के अनुसार मृतक देव कुमार की पत्नी की 3 साल पहले मौत हो चुकी थी और उसके 2 लड़कियां और एक लड़का है। फिलहाल तीनों बच्चे इस वक्त ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

आसपास के लोगों की मानें तो वह उसने बैंक से लोन ले रखा था और कई दिनों से कर्ज ना चुका पाने के चलते परेशान था। यही कारण है कि उसने जिंदगी जीने की जगह मौत को गले लगा लिया। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।