किसान आंदोलन के दौरान हुई मौतों पर सपा नेता ने केंद्र को घेरा, बोले- मृतकों के परिजनों को दी जाए ये सुविधा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 03, 2021 - 04:20 PM (IST)

नई दिल्ली\लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव ने राज्यसभा में आन्दोलन के दौरान मारे गए किसानों के परिवारों को 20-20 लाख रुपए का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। यादव ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद के प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि किसानों की भूख और ठंड से मौत हुई है तथा सरकार निर्दयी एवं बेरहम हो गई है। उन्होंने कहा कि किसान तीन कृषि सुधार कानूनों को सही नहीं मानते हैं जिसके कारण इन कानूनों को वापस लिया जाना चाहिए और उससे विचार कर नया कानून लाया जाना चाहिए।

उन्होंने राजधानी में किसानों के लिए किए गए सुरक्षा व्यवस्था पर आपत्ति करते हुए सवाल किया कि क्या किसान हमला करने आ रहे हैं। किसानों के आन्दोलन स्थल के निकट संसद से भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लोकतंत्र है किसान अपने मन की बात कहने आए हैं। सरकार को उन्हें मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ठेका कृषि को लेकर धोखाधड़ी की शिकायतें मिली है। नए कानून से जमाखोरी को छूट मिल गई है और किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलने का संदेह है।

Anil Kapoor