Bharat Jodo Yatra: बागपत में फूलों से भरी ट्रॉली लेकर Rahul Gandhi से मिलने पहुंचे किसान

punjabkesari.in Wednesday, Jan 04, 2023 - 09:20 AM (IST)

बागपत: कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो यात्रा' (Bharat Jodo Yatra) की शुरुआत आज सुबह बागपत से हो चुकी है। इस दौरान पश्चिमी यूपी के किसान राहुल गांधी से मिलने के लिए फूलों से भरी ट्रॉली लेकर पहुंचे। किसानों ने कहा कि राहुल गांधी यहां जमीन पर नहीं, बल्कि फूलों पर चलेंगे। बता दें कि 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत से पहले जमकर आतिशबाजी की गई।

कड़ाके की सर्दी के बीच सफेद टी-शर्ट पहन कर निकले राहुल गांधी
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित मवीकलां में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह 6 बजे पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में फिर शुरू हुई। पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा अलसुबह दिल्ली से मवीकलां पहुंचे और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 6 बजे से यात्रा दोबारा शुरू हुई। ठिठुरन भरी कड़ाके की सर्दी के बीच रवाना हुई यात्रा में राहुल गांधी फिर एक सफेद टी-शर्ट पहन कर निकले। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगे लेकर रवाना हुए। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी समेत अनेक वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' मंगलवार दोपहर बाद गाजियाबाद के लोनी सरहद से उत्तर प्रदेश में दाखिल हुई थी। यह यात्रा बागपत से शामली होते हुए गुरुवार को हरियाणा जाएगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सैलाब दिल्ली के कश्मीरी गेट से मंगलवार सुबह हुआ था रवाना
गौरतलब है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सैलाब दिल्ली के कश्मीरी गेट से मंगलवार सुबह रवाना हुआ था। राहुल और प्रियंका मंगलवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा' में गाजियाबाद की लोनी सीमा से उत्‍तर प्रदेश में प्रवेश करते हुए 7 किलोमीटर की पदयात्रा कर वापस दिल्ली लौट गये थे। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि ''गाजियाबाद में लोनी बार्डर पर प्रवेश करने और 7 किलोमीटर की पदयात्रा करने के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा वापस दिल्ली लौट गए।''

Content Editor

Anil Kapoor