भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान बर्बाद: अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, May 02, 2019 - 11:22 AM (IST)

बाराबंकीः समाजवादी पार्टी (सपा)अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पाटी(भाजपा)सरकारों की गलत नीतियों के कारण आज किसान बर्बाद हो गया है। यादव ने बुधवार को दरियाबाद विधानसभा के भिटरिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के कारण किसान आज बर्बाद हो गया। किसानों से जो झूठे वादे किए, उनसे वो परेशान है। नौजवानों के रोजगार की चोरी हो गई।

उन्होंने कहा कि सिर्फ चौकीदार की ही गद्दी नही छिनेगी, अब तो लखनऊ की चौकी भी नहीं बचेगी। लोग कह रहे हैं कि हमारे दो दलों का गठबंधन महामिलावटी है। उन्होंने तो 38 दलों से समझौता किया है। उनका तो मिलावट नहीं महा-महा मिलावटी है। अब सिर्फ चौकीदार को नहीं हटाना है, लखनऊ में बैठे ठोकीदार को हटाना है।

सपा और बसपा गठबंधन प्रत्याशी राम सागर रावत के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि हमारे किसान गरीब हैं, मेहनत और पसीना बहाकर आगे बढ़ना चाहते हैं। अब गैस के सिलेंडर भी खाली रखें हैं। यही लोग हैं, जो चाय वाले बनकर आए और जनता को धोखा दे दिया। न जाने कौन सा नशा था चाय में, पांच सालों में सब बराबर हो गया।

यादव ने कहा कि सपा की तरफ से लैपटॉप बांटे गए थे, आज भी खराब नहीं हुए। वहीं, बाबा ने मुख्यमंत्री बनते ही कहा था हम भी बांटेगे, लेकिन नहीं बटे गए। क्योंकि बाबा को लैपटॉप चलाना ही नहीं आता। जनता के साथ जानवरों को भी दु:ख दे रहे हैं। हम जानना चाहते हैं कि कितना आंतकवाद खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण हमारा जवान शहीद हो रहा है। भाजपा के लोग कहते हैं , नया भारत बनाना है। हम कहते हैं नया प्रधानमंत्री बनाना पड़ेगा। पुराना प्रधानमंत्री फेल हो गया है।


 

Tamanna Bhardwaj