कृषि विभाग की नई पहल, किसानों को सप्ताह में दो बार मिलेगी मौसम की पूर्व सूचना

punjabkesari.in Friday, Dec 04, 2020 - 02:30 PM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के किसानो को कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया की तरफ से ब्लॉकवार मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी मिलेगी। इससे किसानों को फसलों की बुआई से लेकर कटाई व मड़ाई तक की योजना बनाने में सहूलियत होगी। मौसम की जानकारी किसानों को नियमित मिल सके इसके लिए किसानों का अलग-अलग ह्वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है। प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी दी जाएगी।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिले में 223836 हेक्टेयर क्षेत्रफल में खेती होती है। इस बार एक लाख 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं, 12 हजार हेक्टेयर में सरसों और शेष कृषि योग्य भूमि में अन्य फसलों की बुआई की गई है। मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी किसानों को समय पर नहीं मिलने से किसानों को फसलों की बुआई से लेकर फसलों की देखरेख में परेशानी हो रही थी। कई बार खेत में पककर तैयार हो चुकी फसल भी खराब हो जाती थी, जिससे किसानों को काफी आर्थिक क्षति उठानी पड़ती थी।

कृषि विज्ञान केंद्र की तरफ से किसानों को अलग-अलग ब्लॉक के मौसम का पूर्वानुमान पता चल जाएगा। इससे किसानों को फसलों की देखभाल करने में सहूलियत मिलेगी। इसके लिए किसानों को ह्वाट्स एप ग्रुप से जोड़ा जा रहा है। इस ग्रुप पर हर मंगलवार को अगले चार दिन और हर शुक्रवार को भी अगले चार दिन के मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी दी जाएगी।  चरिघरवा के किसान भगवान चौधरी ने कहा कि मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी होने से किसानों को बहुत फायदा मिलेगा। कृषि विभाग और विज्ञान केंद्र की यह बहुत ही बेहतर पहल है। सौरहा खुर्द के किसान बिरझन कुशवाहा ने कहा कि मौसम की जानकारी नहीं होने से किसानों को क्षति उठानी पड़ती है। रबी या खरीफ के सीजन में कटाई मड़ाई के समय बारिश होने पर खेत में ही फसल खराब हो जाती थी। पूर्वानुमान से किसान उस अनुरूप कार्य कर सकेंगे। 

कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया की वैज्ञानिक डॉ. अंजली साहू ने बताया कि मौसम विभाग की तरफ से कृषि विज्ञान केंद्र पर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा इकाई की स्थापना हुई है। यहां से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को ब्लॉकवार किसानों को मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए किसानों का ब्लॉकवार ह्वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसमें मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी को अपडेट किया जा रहा है। इस ह्वाट्सएप ग्रुप से जुडऩे या संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान मोबाइल नंबर 9839593621 पर किसी भी कार्य दिवस में फोन कर जानकारी ले सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी प्यारे लाल चौधरी ने बताया कि मौसम विभाग की तरफ से मिले पूर्वानुमान से किसानों को सही समय पर मौसम के खराब होने और उससे फसलों के बचाव के उपायों की जानकारी मिलेगी। किसानों को मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुरूप खेती की योजना बनाने में सुविधा होगी। 

Ramkesh