फर्रुखाबाद: गंगा दशहरा पर भारी जाम के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्‍था की डुबकी

punjabkesari.in Thursday, Jun 09, 2022 - 11:15 AM (IST)

फर्रुखाबाद: यूपी के फर्रुखाबाद में पुलिस अधीक्षक के लाख प्रयास के बाद भी शहर कोतवाली पुलिस गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए आ रहे श्रद्धालुओं को जाम से बचाने में नाकाम रही। हाईवे पर कई किलोमीटर लम्बा जाम लग रहा। जिसे खुलवाने के लिए पुलिस को एड़ी चोटी का जोड़ लगाना पड़ा। गंगा दशहरा पर आज श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। फर्रुखाबाद के ऐतिहासक घटियाघाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।

फर्रुखाबाद के गंगा तट के पंचाल घाट पर गंगा दशहरा पर आज हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा दशहरा पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए आधी रात से  ही गंगा तटों पर श्रद्धालुओं का हुजूम पहुंचने लगा। प्रशासन की आधी अधूरी तैयारियों के बीच गंगा दशहरा का स्नान करने वाले  श्रद्धालुओं को जाम का सामना करना पड़ा। यहां लोगों ने गंगा स्नान कर पूजा अर्चना की। मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन ही राजा भागीरथ गंगा को स्वर्ग से धरती पर लाए थे। इस दिन गंगा स्नान से पुण्य की प्राप्ति होती है। हालांकि गंगा में गंदगी को लेकर लोगो में नाराजगी भी साफ नजर आ रही थी। बता दें कि हर साल ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष में आने वाली दशमी को गंगा दशहरा मनाया जाता है। 

इस दौरान गंगा के घाटों पर हर साल लाखों श्रद्धालु डुबकी लगाते हैं। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सुबह से ही भक्‍तों की भीड़ गंगा घाटों पर देखी जा सकती है। इसके अलावा किला घाट  में भी स्नान के लिए  बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों  पहुंच रहे हैं। दशहरा स्नान को लेकर गुरुवार की रात से ही पांचालघाट पर श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। गंगा पूजन के बाद स्नान किया गया। हजारों की संख्या में श्रधालुओ ने डुबकी लगाई। शहरी इलाके के वजाय देहात से खूब भीड़ आई। ट्रैक्टरों के अलावा पैदल, साइकिल व दूसरे वाहनों से भी लोग पहुंचते रहे। पांचाल घाट चौराहे से पुल तक भीड़ का सैलाब नजर आया।

जिला प्रशासन के किए इंतजाम धरे रह गए। घाटों की साफ सफाई के लिए कोई तैयारी नहीं की गई थी। इससे गंदगी साफ नजर आ जाती है। भीड़ के बाद भी पुलिसकर्मी घाटों पर नहीं दिखाई दिए। इससे शोहदों की अराजकता से स्‍नान करने आने वाली महिलाओं को तकलीफ उठानी पड़ी। गंगा घाटों पर हर स्नान पर्व पर खासी भीड़ होती है। जिससे यातायात व्यवस्‍था चौपट हो जाती है इस बार भी यही हुआ। ट्रेन में चलने को लेकर लोगो में अफरा तफरी बनी रही।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj