फतेहपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 23, 2022 - 12:15 AM (IST)

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में गुरुवार को देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 25 हजार रुपये के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जिले के औंग थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने घायल हुये बदमाश को गिरफ्तार कर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को देर रात औंग थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों को पुलिस और एसओजी की टीम ने रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश उमर उर्फ लंबू निवासी कस्बा जहानाबाद के एक पैर में गोली लगने के कारण घायल होकर भागने में असमर्थ हो गया। उसे पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया।       

इस बीच उसका साथी नाजिम निवासी जनपद कानपुर, अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सिंह ने बताया कि शातिर बदमाश उमर उफर् लंबू के खिलाफ गैंग बनाकर चोरी करने,लूट और डकैती डालने जैसे आठ से अधिक संगीन मामले दर्ज है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हुए शातिर बदमाश नाजिम की तलाश शुरू कर दी है। घायल बदमाश को पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Content Writer

Mamta Yadav