Fatehpur: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा UP की सभी 80 सीटें जीतेगी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 04, 2023 - 06:06 PM (IST)

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने मंगलवार को दावा किया कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी। पाठक ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। सूबे से सभी तरह के माफिया तत्वों का सफाया निश्चित है। किसी भी माफिया को सिर उठाने की इजजात नहीं मिलेगी, चाहे शिक्षा माफिया, दवा माफिया अथवा अपराध माफिया हो। सबकी सूची बन रही है। सभी की दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चलेंगें।        

'सरकारी अस्पतालों की दिशा और दशा दोनों सुधारी जाएंगी'
उपमुख्यमंत्री ने आज यहां जोधा सिंह अटैया मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया और सदर अस्पताल में अचानक पहुंच कर कुछ मरीजों से बात की और हालचाल जाना। मौके पर मौजूद सभी चिकित्सकों से कहा कि यदि किसी मरीज को बाहर से दवा लिखी गई तो उस चिकित्सक को सीधे निलंबन का मुंह देखना पड़ेगा। सेवा भाव चिकित्सकों का सबसे पहला पैमाना है। सरकारी अस्पतालों की दिशा और दशा दोनों सुधारी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों का विश्वास जीतने की जरूरत है।



किसी भी माफिया को सिर उठाने नहीं दिया जायेगा- ब्रजेश पाठक
उन्होंने कुछ मेद्यावी छात्रों को पुरस्कृत किया और सफाई कर्मी के यहां नाश्ते पर गए। मंडी समिति को देखा और कार्यकर्ताओं से मिल कर पार्टी की बेहतरी के लिए प्रयास करने के लिए कहा। इसके बाद ब्रजेश पाठक भाजपा कार्यालय गए और जिले के सभी विधायकों से मिलकर नगर निकाय चुनाव में भारी बहुमत से विजयी बनाने की बात कही। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री जीरो टॉलरेंस पर काम कर रहे है। किसी भी माफिया को सिर उठाने नहीं दिया जायेगा जो भी अधिकारी उनके प्रति नरमी बरतेंगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। 

Content Editor

Harman Kaur